सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा इंदौर के विभिन्न जोनों में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में कुल 2600 नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविरों के माध्यम से नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाओं के साथ डिजिटल स्वास्थ्य सुविधाओं एवं शासन की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया गया। इस दौरान 1827 नागरिकों की आभा आईडी बनाई गई तथा 173 पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड तैयार किए गए।
बाणगंगा, मल्हारगंज, हुकुमचंद, खजराना एवं राजेंद्र नगर जोन में आयोजित शिविरों में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इन शिविरों में स्वास्थ्य परीक्षण के साथ आरसीएम पोर्टल पर नागरिकों की एंट्री, आभा आईडी निर्माण एवं आयुष्मान कार्ड बनाने की कार्रवाई की गई।
बाणगंगा जोन में 469 व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। 423 व्यक्तियों की आरसीएम पोर्टल पर एंट्री की गई, 289 आभा आईडी बनाई गईं तथा 17 आयुष्मान कार्ड बनाए गए। मल्हारगंज जोन में 11 संस्थाओं में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। यहां कुल 873 नागरिकों की ओपीडी दर्ज की गई। 515 आभा आईडी बनाई गईं तथा 46 आयुष्मान कार्ड तैयार किए गए।
इसी तरह हुकुमचंद जोन में 475 व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा सभी 475 व्यक्तियों की आरसीएम पोर्टल पर एंट्री की गई। 368 आभा आईडी बनाई गईं तथा 71 आयुष्मान कार्ड बनाए गए। खजराना जोन में 472 व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। 335 व्यक्तियों की आरसीएम पोर्टल पर एंट्री की गई, 218 आभा आईडी बनाई गईं तथा 22 आयुष्मान कार्ड बनाए गए तथा राजेंद्र नगर जोन में 311 व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। सभी 311 व्यक्तियों की आरसीएम पोर्टल पर एंट्री की गई। 166 आभा आईडी बनाई गईं तथा 17 आयुष्मान कार्ड तैयार किए गए।
इस प्रकार सेवा सेतु अभियान के तहत आयोजित इन स्वास्थ्य शिविरों में कुल 2600 नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण, 1879 नागरिकों की आरसीएम पोर्टल पर एंट्री, 1827 आभा आईडी का निर्माण तथा 173 आयुष्मान कार्ड बनाए गए। शिविरों के माध्यम से नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाओं एवं शासकीय योजनाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराया गया।


