सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम तिगांव में नुक्कड़ सभा एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण एवं जल संवर्धन के क्षेत्र में पद्मश्री सम्मान से सम्मानित तथा जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा) श्री मोहन नागर ने संबोधित करते हुए ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उनके लाभों की जानकारी दी।

श्री नागर ने केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा संचालित योजनाओं के उद्देश्यों और पात्र हितग्राहियों को मिलने वाले लाभों के संबंध में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर तक शासन की सुविधाओं और विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं का लाभ लेने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण एवं जल संवर्धन के कार्यों में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया जनजागरूकता संदेश

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत तिगांव में आयोजित विभिन्न गतिविधियों एवं नुक्कड़ नाटक की श्री नागर ने सराहना की। उन्होंने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से शासन की योजनाओं एवं जनहित के विषयों पर जागरूकता का संदेश देने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के शासी निकाय सदस्य श्री भूतपाल सिंह, नर्मदापुरम संभाग समन्वयक श्री कोशलेश तिवारी, ग्राम पंचायत तिगांव की सरपंच श्रीमती उषा कुमरे, मंडल अध्यक्ष श्री बाला ठाकरे, वरिष्ठ समाजसेवी श्री देविदास राऊत, श्री राजेंद्र भक्ते, श्री मोहन राऊत, श्री कैलाश जायसवाल, श्री रामदास राऊत, श्री मधुकर जी, विकासखंड समन्वयक श्री दिलीप आठनेरे, वाटर हीरो श्री नीरज वानखड़े, जन अभियान परिषद के परामर्शदाता, नवांकुर प्रतिनिधि, सीएमसीएलडीपी के छात्र, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।