लखनऊ के नेतृत्व में असम-मेघालय मीडिया टूर पर आए उत्तर प्रदेश के 13 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने आज असम के माननीय राज्यपाल श्री लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से गुवाहाटी स्थित लोकभवन में मुलाकात की।

इस अवसर पर राज्यपाल श्री लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने मीडिया प्रतिनिधिमंडल के साथ संवाद करते हुए असम के विकास, पर्यटन, संस्कृति और राज्य की समृद्ध विरासत से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि असम ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना का एक उत्कृष्ट उदाहरण है, जहां देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले लोगों को राज्य की संस्कृति, परंपरा और प्राकृतिक विविधता को करीब से समझने का अवसर मिलता है।

राज्यपाल ने कहा कि ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश की विविधता में एकता को मजबूत करने का माध्यम है।

उन्होंने असम में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी, पर्यटन और अन्य क्षेत्रों में निरंतर प्रगति हो रही है।

राज्यपाल ने लोकभवन को आम लोगों की सेवा और संवाद का केंद्र बताते हुए कहा कि राजभवन और लोकभवन जैसे संस्थानों का उद्देश्य जनता से जुड़ना और लोगों की सेवा करना है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में संवाद और जनभागीदारी का विशेष महत्व है।

मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के साथ संवाद के दौरान असम के विकास, संस्कृति, पर्यटन और उत्तर प्रदेश-असम के बीच संबंधों से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की।

यह मीडिया टूर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना के अनुरूप उत्तर प्रदेश और असम के बीच सांस्कृतिक एवं सामाजिक संबंधों को और मजबूत करने तथा असम की विकास यात्रा को देश के अन्य हिस्सों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।