अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर सिवनी स्थित वृद्धाश्रम में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना सहित जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता कर वृद्धजनों का सम्मान किया। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने वृद्धजनों से संवाद कर उनकी कुशलक्षेम जानी तथा उनकी आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी ली।
कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने कहा कि जीवन के एक पड़ाव के बाद व्यक्ति को शारीरिक के साथ-साथ मानसिक और भावनात्मक रूप से समझना जरूरी होता है। उम्र बढ़ने के साथ व्यक्ति को स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के साथ अपनेपन और संवाद की भी आवश्यकता होती है। युवा पीढ़ी को चाहिए कि वे बुजुर्गों के साथ समय बिताएं, उनकी बातें सुनें और उनके अनुभवों से सीखें।
उन्होंने कहा कि वृद्धजनों का सम्मान केवल एक अवसर तक सीमित न रहकर हमारे व्यवहार और संस्कारों का हिस्सा होना चाहिए। परिवार और समाज में बुजुर्गों को सम्मानजनक स्थान मिलने से उनके जीवन में आत्मविश्वास और प्रसन्नता बनी रहती है। उन्होंने वृद्धजनों के स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना करते हुए कहा कि उनकी आवश्यकताओं और सुविधाओं का ध्यान रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
जिला भाजपा अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन ने कहा कि वृद्धजनों का सम्मान हमारी सामाजिक और पारिवारिक जिम्मेदारी है। उनके अनुभव और जीवन से मिली सीख नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है। नगरपालिका अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद सनोडिया ने कहा कि वृद्धजनों को सम्मान, अपनत्व और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना समाज का दायित्व है। उनके साथ संवाद और सहभागिता से उन्हें आत्मीयता का अनुभव होता है।
जनपद अध्यक्ष श्रीमती किरण भलावी ने कहा कि बुजुर्गों का आशीर्वाद और मार्गदर्शन परिवार के लिए महत्वपूर्ण होता है। हमें उनके सुख-दुःख में सहभागी बनकर उन्हें सम्मान और सहयोग प्रदान करना चाहिए। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह ने कहा कि वृद्धजनों की आवश्यकताओं और सुविधाओं का ध्यान रखना हमारी जिम्मेदारी है। उनके लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और सहज वातावरण सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।
इस अवसर पर विगत दिवस वृद्धजनों के बीच आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विजेता वृद्धजनों का उत्साहवर्धन किया तथा कार्यक्रम में उपस्थित सभी वृद्धजनों का पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया। साथ ही वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया तथा उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने वृद्धजनों के साथ भोजन किया और उनसे सहजता से संवाद करते हुए उनकी बातें सुनीं। इसके पश्चात उन्होंने वृद्धाश्रम का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने वृद्धजनों से भोजन, आवास, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली तथा संबंधितों से व्यवस्थाओं के बारे में चर्चा की।
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से वृद्धजनों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और अपनत्व का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


