अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं प्रकरणों की समीक्षा के लिए जिला सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समिति की कैलेंडर वर्ष 2026 की द्वितीय त्रैमासिक बैठक कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना की अध्यक्षता में 29 सितंबर को कलेक्टर सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण लालचंदानी, जिला अभियोजन अधिकारी सहित समिति के सदस्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में पिछली बैठक के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा के साथ 1 अप्रैल से 25 सितंबर 2026 तक दर्ज राहत प्रकरणों में राहत राशि की स्वीकृति एवं वितरण की स्थिति की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने राहत के लिए लंबित प्रकरणों की प्रकरणवार एवं थानावार समीक्षा की। उन्होंने प्रत्येक प्रकरण में लंबित रहने के कारणों की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली और अब तक की गई कार्यवाही की स्थिति जानी।

उन्होंने र लंबित राहत प्रकरणों का 15 अक्टूबर तक त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला अभियोजन अधिकारी से प्रक्रियाधीन प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली गई। अजाक थाना सिवनी में दर्ज प्रकरणों तथा नियम 6(1) के अंतर्गत राहत स्थल निरीक्षण प्रतिवेदनों की समीक्षा के साथ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति से संबंधित लंबित अपराधों एवं लंबित चालानों की स्थिति भी देखी गई।

कलेक्टर श्रीमती मीना ने लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए संबंधित विभागों के बीच आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रकरणों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में किया जाए तथा लंबित चालान कार्यवाही में तेजी लाई जाए, जिससे प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित न रहें। बैठक में नागरिक अधिकार संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत पुनर्वास सहायता एवं यात्रा भत्ता संबंधी प्रकरणों की भी समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिये गये।