शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर 2026 को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बैहर में पूर्व छात्रों की गोल्डन जुबली बैच 1975-76 द्वारा मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह एवं पूर्व छात्र पुनर्मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया।

लगभग पांच दशक बाद विद्यालय परिसर में एकत्र हुए पूर्व छात्रों के लिए यह अवसर भावनाओं, पुरानी स्मृतियों और आत्मीय मिलन से सराबोर रहा।समारोह की शुरुआत विद्यालय के मुख्य द्वार से मेधावी विद्यार्थियों, पूर्व छात्रों एवं शिक्षकों का ढोल-बाजे, आतिशबाजी एवं पुष्पवर्षा के साथ स्वागत हुआ, विद्यालय परिसर में पहुंचा, प्राचार्य श्री आलोक कुमार चौरे ने भी पूर्व छात्रों के साथ विद्यालय को नमन करते हुए परिसर में प्रवेश किया।

विद्यालय में पहुंचते ही पूर्व छात्र अपने पुराने कक्षों और विद्यालय से जुड़ी स्मृतियों को देखकर भावुक हो उठे। दिवंगत पूर्व छात्र डॉ. शिरीष कुमार शर्मा की स्मृति में मेधावी विद्यार्थियों पूर्व छात्रों एवं शिक्षकों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।मंचीय कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना, पूजन एवं गुरु वंदना से हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य श्री आलोक कुमार चौरे ने की।

मंच संचालन अनुभूति कश्यप, मनोहर मरकाम एवं पूर्व छात्र जुगल किशोर पांडे ने किया। पूर्व छात्रों ने प्राचार्य आलोक कुमार चौरे एवं खेल प्रशिक्षक नवजीत परिहार का तिलक, आरती, शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया। विद्यालय में सुरक्षित रखने के लिए दो 1976 में ली गई मैथ्स बैच की ग्रुप फोटो भेंट की गई।

विद्यालय परिवार की ओर से भी पूर्व छात्रों का तिलक-वंदन, पुष्पगुच्छ, पेन एवं पौधे भेंट कर स्वागत किया गया।

समारोह में अतिलाल रहंगडाले, विजय कुमार राय, मिश्रीलाल शरणागत, रंजीत सिंह उईके, रूपचंद अमूले, मुन्नेंद्र कुमार अमूले, मूलचंद मेश्राम, जुगल किशोर पांडे, राम प्रताप दुबे, डेनियल प्रभाकर, बालाराम मरावी एवं दशनलाल जामने सहित देश के विभिन्न स्थानों पर निवासरत पूर्व छात्र शामिल हुए।

छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश के विभिन्न शहरों से पहुंचे पूर्व छात्रों ने विद्यालय से जुड़ी पुरानी यादें एवं संस्मरण साझा किए।दिवंगत पूर्व छात्र डॉ. शिरीष कुमार शर्मा की स्मृति में उनके पुत्रों द्वारा कक्षा 12वीं के गणित एवं जीव विज्ञान संकाय में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ₹5101 की सम्मान राशि,पूर्व छात्रों की ओर से विभिन्न संकायों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले तीन मेधावी विद्यार्थियों को ₹5001 प्रति छात्र, मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र एवं बैज प्रदान कर सम्मानित किया वही संस्था के शिक्षक राजकुमार सिंह द्वारा कक्षा दसवीं में प्रथम आए छात्र को भी अपनी माताजी स्व. श्रीमती संध्या चौहान की स्मृति में 5001 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई, यह पुरस्कार प्रतिवर्ष प्रदान किया जाएगा।

सम्मानित विद्यार्थियों में राखी अहीरवाल (बायो), पृथ्वी यादव (गणित), मुरलीधर बिसेन (कृषि), आयुष ढोढरे(आर्ट), रेशमा भांडे (कॉमर्स) एवं मोहित अहिरवार (दसवीं) शामिल रहे।

विद्यालय के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिसकी अतिथियों एवं पूर्व छात्रों ने सराहना की। इस दौरान राष्ट्रीय साहित्यकार उर्मिला शिरीष शर्मा का ऑडियो संदेश तथा पूर्व शिक्षक श्री के. एस. चौधरी का शुभकामना संदेश भी प्रसारित किया गया। प्राचार्य श्री आलोक कुमार चौरे, विद्यार्थियों एवं पूर्व छात्रों ने समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय से जुड़े अपने अनुभव और संस्मरण साझा किए।

पांच दशक बाद उसी विद्यालय में शिक्षक दिवस के अवसर पर पूर्व सहपाठियों का मिलन सभी के लिए भावुक एवं अविस्मरणीय क्षण रहा।कार्यक्रम के अंत में पूर्व छात्र जुगल किशोर पांडे ने आभार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय परिवार, प्राचार्य, शिक्षकगण, विद्यार्थियों, सम्मानित मेधावी छात्रों तथा देश के विभिन्न शहरों से पहुंचे सभी पूर्व छात्रों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

यह आयोजन केवल मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान तक सीमित न रहकर पांच दशक पुरानी मित्रता, गुरु-शिष्य परंपरा और विद्यालय से जुड़े आत्मीय रिश्तों को पुनर्जीवित करने वाला अविस्मरणीय समारोह बन गया।