सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा सोमवार, 28 सितंबर को लालबर्रा के उत्कृष्ट विद्यालय एवं शासकीय महाविद्यालय के सभागार में ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ नाट्य प्रस्तुति का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और कलाकारों ने संवाद, अभिनय, संगीत एवं भावपूर्ण मंचन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को प्रस्तुत किया।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के तैलचित्र के समक्ष उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य एस.के. दुबे, शासकीय महाविद्यालय लालबर्रा की प्राचार्य डॉ. सुमन बरवा एवं मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक अनिल चौरे द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
मंच पर प्रस्तुत किए सार्वजनिक जीवन के प्रसंग
‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जिले में आयोजित की जा रही विशेष नाट्य प्रस्तुतियों की श्रृंखला में लालबर्रा में आयोजित कार्यक्रम में कलाकारों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के विभिन्न प्रसंगों को नाट्य रूप में प्रस्तुत किया। प्रस्तुति में सेवा, समर्पण, जनकल्याण, सुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी जैसे विषयों को केंद्र में रखा गया। विद्यार्थियों द्वारा किए गए अभिनय, संवाद और संगीत के समन्वय ने प्रस्तुति को प्रभावी बनाया। मंचन के माध्यम से विद्यार्थियों और उपस्थित दर्शकों तक सेवा एवं सामाजिक सहभागिता से जुड़े संदेश पहुंचाने का प्रयास किया गया।
बड़ी संख्या में विद्यार्थी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम (CMCLDP) से जुड़े विद्यार्थी, उत्कृष्ट विद्यालय की छात्राएं, शासकीय महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं मेंटर्स उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला समन्वयक जन अभियान परिषद महेश पटले, विकासखंड समन्वयक अनिल चौरे, प्राचार्य एस.के. दुबे, प्राचार्य डॉ. सुमन बरवा, नवीन लोढ़ा, महेंद्र कटरे, दामेंद्र हरिनखेड़े, ऋतु बिसेन, प्रेमवती, निकिता गोयल सहित महाविद्यालय का स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को नाट्य कला के साथ सामाजिक सरोकारों एवं जनभागीदारी से जुड़े विषयों को समझने और उन्हें रचनात्मक माध्यम से प्रस्तुत करने का अवसर मिला।




