बालाघाट जिले के लालबर्रा में पुलिस और भारतीय सेना की भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को अपनी फिटनेस परखने का अवसर मिला। उत्कृष्ट विद्यालय खेल मैदान में 20 सितंबर को आयोजित नि:शुल्क परीक्षण में महिला और पुरुष प्रतिभागियों ने अलग-अलग शारीरिक गतिविधियों में हिस्सा लिया।
दौड़, कूद और गोला फेंक से हुआ आकलन
परीक्षण में 1600 मीटर और 800 मीटर दौड़ के साथ बीम, गोला फेंक तथा लंबी कूद कराई गई। ऊंचाई, सीना और वजन जैसे शारीरिक माप भी लिए गए।
खास बातें
- उत्कृष्ट विद्यालय खेल मैदान में हुआ परीक्षण
- भर्ती चयन प्रक्रिया के अनुरूप परखी गई क्षमता
- महिला और पुरुष प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
इन गतिविधियों के जरिए प्रतिभागियों की मौजूदा क्षमता और दक्षता का आकलन किया गया। आयोजन का उद्देश्य चयन प्रक्रिया के अनुरूप जरूरी शारीरिक दक्षता विकसित करने में युवाओं की मदद करना था।
खेल विभाग और फिजिकल एकेडमी का संयुक्त आयोजन
कार्यक्रम जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग बालाघाट और बीपीएस फिजिकल एकेडमी लालबर्रा ने संयुक्त रूप से आयोजित किया। यह परीक्षण जिला खेल अधिकारी राहुल बारेसा के निर्देशन और मार्गदर्शन में हुआ।
परीक्षण की शुरुआत जिला पंचायत सदस्य डुलेंद्र ठाकरे, लालबर्रा थाना प्रभारी राजमल दायमा, पनबिहरी सरपंच वीरू बनवाने, उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य सनत दुबे, कोच ब्रजेश पंचेश्वर और प्रशांति इंस्टीट्यूट के अंकित ने हरी झंडी दिखाकर की।
आयोजन में ब्लॉक समन्वयक लव पटेल नगपुरे और बीपीएस फिटनेस एकेडमी के प्रशिक्षकों सहित खिलाड़ी मौजूद रहे। विभाग के अनुसार, जिले के युवाओं और खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ परीक्षण में सहभागिता की।






