प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों की सेवा यात्रा के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत वाराणसी से वड़नगर तक निकाली जा रही ‘जन-जल सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ का सिहोरा विधानसभा क्षेत्र में विधायक श्री संतोष वरकड़े के नेतृत्व में भव्य स्वागत किया गया।
सिहोरा के रुक्मणि पैलेस में आयोजित कार्यक्रम में विधायक श्री वरकड़े ने नगर पालिका के सफाई कर्मियों के चरण अपने हाथों से धोकर उनका सम्मान किया तथा शॉल-श्रीफल भेंट कर उनके श्रम और सेवाभाव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
इसके बाद यात्रा गोसलपुर पहुंची, जहां संवेदगिरी गौशाला में गौ सेवा एवं वृक्षारोपण किया गया। गांधीग्राम बुढ़ागर में यात्रा के पहुंचने पर क्षेत्रवासियों ने स्वागत किया और भूतपूर्व सैनिकों का पुष्पमाला एवं शॉल भेंट कर सम्मान किया।
सेवा यात्रियों के लिए भोजन की व्यवस्था के बाद यात्रा अगले पड़ाव के लिए रवाना हुई। यह यात्रा स्वच्छता, श्रम सम्मान, गौ सेवा, पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्रसेवा और जनभागीदारी का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है।



