मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राजा शंकर शाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह का बलिदान अद्भुत और सदैव स्मरणीय है। अंग्रेजों ने अपनी कुटिल नीतियों के माध्यम से धीरे-धीरे विभिन्न रियासतों को अपने अधीन कर शासन की बागडोर अपने हाथों में लेने का प्रयास किया था। ऐसे समय में राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह ने देश और धर्म के सम्मान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज गोंडवाना साम्राज्य के अमर शहीद राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह के 169वें बलिदान दिवस पर माल गोदाम चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रतिमा स्थल के समीप बने देव स्थल पर पूजन-अर्चन भी किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राजा शंकर शाह ने कविताओं और गीतों के माध्यम से जनजागरण का कार्य किया। पिता-पुत्र का बलिदान देश की गौरवशाली विरासत का महत्वपूर्ण अध्याय है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के महानायकों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाने और उनके इतिहास का संकलन करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बलिदान स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए नगर निगम को बधाई देते हुये कहा कि सरकार जनजातीय अंचलों के महानायकों और महापुरुषों की स्मृतियों को संरक्षित करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। रानी दुर्गावती सहित अनेक जनजातीय नायकों के योगदान को स्मरण करते हुए उनकी गौरवशाली विरासत को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गढ़ा मंडला और किला सहित ऐतिहासिक स्थलों के विकास और सौंदर्यीकरण के माध्यम से नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से परिचित कराया जा रहा है।
प्रधानमंत्री श्री मोदी के मार्गदर्शन में देश विरासत से विकास की ओर आगे बढ़ रहा है
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के मार्गदर्शन में देश विरासत से विकास की ओर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि महापुरुषों के इतिहास का संकलन कर उनकी गौरवशाली संस्कृति और परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने सनातन संस्कृति में दीप प्रज्ज्वलन के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारी संस्कृति सूर्य आधारित संस्कृति है। दीप प्रज्ज्वलन हमारी परंपराओं और आस्था का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि अपनी संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाना सभी का दायित्व है।
कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह, जनजातीय कार्य तथा भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास मंत्री श्री विजय शाह, राज्यसभा सांसद श्रीमती सुमित्रा वाल्मीकि, लोकसभा सांसद श्री आशीष दुबे, महापौर श्री जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक श्री अजय विश्नोई, श्री अशोक रोहाणी, श्री सुशील तिवारी ‘इंदू’, श्री नीरज सिंह, श्री संतोष वरकड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा मुकेश गोंटिया, जेडीए अध्यक्ष श्री संदीप जैन एवं उपाध्यक्ष श्री प्रशांत केसरवानी, नगर निगम अध्यक्ष श्री रिकुंज विज, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री अखिलेश जैन, दिव्यांगजन प्रकोष्ठ के अध्यक्ष श्री संदीप रजक, भाजपा नगर अध्यक्ष श्री रत्नेश सोनकर, भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष श्री राजकुमार पटेल, भाजपा महामंत्री श्री पंकज दुबे, श्री रंजीत पटेल, श्री सोनू बचवानी, उपाध्यक्ष श्री अभय सिंह ठाकुर, गढ़ा गोंडवाना संरक्षण संघ के संभागीय अध्यक्ष श्री किशोरीलाल भरावी, राजेन्द्र चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।
इस दौरान संभागायुक्त श्री धनंजय सिंह, आईजी श्री प्रमोद वर्मा, कलेक्टर श्री राघवेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री संपत उपाध्याय, नगर निगम आयुक्त श्री रामप्रकाश अहिरवार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव संग्रहालय पहुंचकर अमर शहीदों को किया नमन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रानी दुर्गावती चिकित्सालय के सामने स्थित राजा शंकर शाह-कुंवर रघुनाथ शाह संग्रहालय में बंदीग्रह में पहुंचकर उनकी गौरव गाथा को याद करते हुए राजा शंकर शाह-कुंवर रघुनाथ शाह की प्रतिमाओं पर पुष्पांजली अर्पित कर दीप प्रज्जवलन किया। उन्होंने संग्रहालय परिसर में स्थित सरग नसैनी पर भी पूजन-अर्चन किया।




