प्र धानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष सेवाकाल पूर्ण होने तथा जन्मदिवस के अवसर पर संचालित सेवा संकल्प अभियान ' के अंतर्गत 17 सितंबर को नर्मदापुरम में माँ नर्मदा के सेठानी घाट, पर्यटन घाट और विवेकानंद घाट समेत अन्य प्रमुख घाटों पर विशेष सफाई अभियान का आयोजन किया गया। इस दौरान व्यापक स्तर पर घाटों की सफाई कर नागरिकों को स्वच्छता का संदेश दिया गया। अभियान में स्थानीय नागरिकों, सामाजिक समितियों, जनप्रतिनिधियों, जिला अधिकारियों और कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर श्रमदान किया।
अभियान के दौरान राज्य सभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया और नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू महेंद्र यादव ने स्वामी विवेकानंद घाट पर श्रमदान किया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों के साथ मिलकर घाट पर जमा कचरा हटाकर साफ-सफाई की तथा नागरिकों से जीवनदायिनी माँ नर्मदा के घाटों को स्वच्छ रखने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान सेठानी घाट पर अपर कलेक्टर श्री राजेश शुक्ला, संयुक्त कलेक्टर श्री नितिन टाले और मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री अरुण देशमुख सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने माँ नर्मदा और उनके घाटों को सदैव स्वच्छ रखने की शपथ ली। सभी वर्गों के सामूहिक प्रयासों और सक्रिय सहभागिता से यह आयोजन अत्यंत सफल रहा।



