पर्यावरण संरक्षण एवं जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद एवं नर्मदा समग्र के संयुक्त तत्वाधान में जिले में “ माटी गणेश, सिद्ध गणेश अभियान-2026 ” के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर गणेश प्रतिमा निर्माण कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। अभियान के तहत ग्राम कोदरास कला, विकासखंड साईंखेड़ा तथा शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नरसिंहपुर में आयोजित कार्यशालाओं में प्राकृतिक एवं शुद्ध मिट्टी से गणेश प्रतिमा निर्माण का प्रशिक्षण दिया गया।

इन कार्यशालाओं का उद्देश्य प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) एवं रासायनिक रंगों से निर्मित गणेश प्रतिमाओं के स्थान पर प्राकृतिक मिट्टी से निर्मित प्रतिमाओं की स्थापना को प्रोत्साहित करना, पर्यावरण-अनुकूल गणेशोत्सव के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा जलस्रोतों को प्रतिमा विसर्जन से होने वाले प्रदूषण से बचाने के लिए व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करना रहा।

कोदरास कला में ग्रामीण समितियों की सहभागिता

विकासखंड नरसिंहपुर के ग्राम कोदरास कला में नवांकुर संस्था सतपुड़ा जन कल्याण समिति के तत्वावधान में ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों कोदरास कला, कोदरास खुर्द, गोरखपुर, बुड़ैना चावरपाठा एवं ऊसरी के संयुक्त सहयोग से कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें नवांकुर संस्थाओं एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री जयनारायण शर्मा ने कहा कि पीओपी, रासायनिक रंगों एवं अन्य रसायनयुक्त सामग्री से निर्मित गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन से जलस्रोतों में प्रदूषण बढ़ता है, जिसका प्रतिकूल प्रभाव जलीय जीव-जंतुओं एवं जल वनस्पतियों पर पड़ता है। उन्होंने प्राकृतिक मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाओं को अपनाने का आह्वान किया।

साईंखेड़ा में विकासखंड स्तरीय कार्यशाला

विकासखंड साईंखेड़ा के सी.एम. राइज स्कूल साईंखेड़ा में सृजन योजना के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के प्रतिनिधियों, सीएमसीएलडीपी पाठ्यक्रम के परामर्शदाताओं एवं छात्र-छात्राओं, नवांकुर सखियों तथा विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सहभागिता की।

कार्यशाला में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की विकासखंड समन्वयक सुश्री स्मिता दाण्डे, वरिष्ठ समाजसेवी श्री रेवा शंकर कटारे, वरिष्ठ समाजसेवी श्री हरिगोपाल श्रीवास्तव, परामर्शदाता कुमारी सपना तोमर, विद्यालय के प्राचार्य श्री सी.के. विश्वकर्मा सहित अभियान से जुड़े कार्यकर्ता एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।

सुश्री स्मिता दाण्डे ने कहा कि “ माटी गणेश, सिद्ध गणेश ” पर्यावरण संरक्षण को केंद्र में रखकर संचालित प्रदेशव्यापी जनजागरण अभियान है। उन्होंने बताया कि विकासखंड साईंखेड़ा के प्रत्येक ग्राम में प्राकृतिक मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाओं की स्थापना के लिए जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, ताकि गणेश उत्सव को प्रकृति के अनुकूल बनाया जा सके।

महाविद्यालय में विद्यार्थियों ने स्वयं बनाईं गणेश प्रतिमाएं

शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नरसिंहपुर में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के विकासखंड एवं जिला नरसिंहपुर के अंतर्गत मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम ( CMCLDP) की कक्षा में छात्र-छात्राओं के लिए गणेश प्रतिमा निर्माण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने स्वयं प्राकृतिक मिट्टी से भगवान श्री गणेश की आकर्षक प्रतिमाओं का निर्माण किया।

कार्यशाला में जिला समन्वयक श्री जयनारायण शर्मा, परामर्शदाता श्री शशिकांत मिश्रा, श्रीमती वृंदा ढिमोले एवं श्री अंकित पटेल, नवांकुर संस्था सुदर्शन जन कल्याण समिति के उपाध्यक्ष श्री नन्हा लोधी, आनंद विभाग की मास्टर ट्रेनर श्रीमती मुक्ति राय, श्रीमती चंद्रिका सोनी एवं श्रीमती यमुना विश्वकर्मा सहित सीएमसीएलडीपी पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों ने सहभागिता की।

कार्यशालाओं के दौरान प्रतिभागियों को प्राकृतिक मिट्टी से गणेश प्रतिमा निर्माण की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों ने मिट्टी से प्रतिमाओं का निर्माण कर अभियान के प्रति अपनी सहभागिता व्यक्त की। कार्यशालाओं में उपस्थित सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने प्राकृतिक मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाओं की स्थापना को बढ़ावा देने, पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने तथा “ माटी गणेश, सिद्ध गणेश अभियान-2026 ” को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप देने का संकल्प लिया।